तिरपाल से ढककर करना पड़ा अंतिम संस्कार
- फोटो : Amar Ujala
सवाई माधोपुर जिले के बंधा गांव में एक दर्दनाक हादसे के बाद व्यवस्था की बदहाली की तस्वीर भी सामने आई। बंधा गांव निवासी हनुमान मीणा की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
तिरपाल पकड़कर करना पड़ा अंतिम संस्कार
परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से उनका अंतिम संस्कार करने की तैयारी की, लेकिन बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दीं। गांव के श्मशान घाट पर टीन शेड नहीं होने के कारण बारिश के बीच अंतिम संस्कार करना ग्रामीणों के लिए बेहद कठिन हो गया। बारिश से चिता भीगने लगी तो ग्रामीणों ने तिरपाल पकड़कर किसी तरह चिता को बचाया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर गया।
'हर बरसात में परेशानियों का सामना करना पड़ता है'
ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट पर टीन शेड और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग ग्राम पंचायत से कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। हर बरसात में अंतिम संस्कार के दौरान ऐसी ही परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ये भी पढ़ें-
पाकिस्तान से ड्रोन में आती थी हथियारों की खेप: फुट सोल्जर करते थे रिसीव; भारत की इस जेल से जुड़ें हैं तार
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब ग्रामीणों ने श्मशान घाट पर शीघ्र टीन शेड और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को ऐसी पीड़ा का सामना न करना पड़े।