सवाई माधोपुर जिले के कुंडेरा थाना क्षेत्र के भूरी पहाड़ी गांव में रविवार को एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुई आपसी मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
जमीनी विवाद ने ली हिंसक रूप
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 60 वर्षीय मीठालाल मीणा निवासी भूरी पहाड़ी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मीठालाल और विजय मीणा, जो एक ही परिवार के सदस्य हैं, के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था। रविवार को इसी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें मीठालाल की मौके पर ही मौत हो गई।
चार लोग गंभीर रूप से घायल
घटना में मृतक की पत्नी उगंती मीणा, उसका भाई प्यारेलाल मीणा और भतीजा ऋषिकेश मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष का विजय मीणा भी घायल हुआ है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक मीठालाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है।
यह भी पढ़ें- जैसलमेर बस अग्निकांड: जोधपुर में एक और पीड़ित की मौत, मृतकों का आंकड़ा हुआ 24; मंत्री जोगाराम पहुंचे अस्पताल
पुलिस ने एक आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही कुंडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण किया। पुलिस उपाधीक्षक उदय सिंह ने बताया कि घटना में शामिल एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
गांव में तनाव, पुलिस निगरानी बढ़ाई गई
मृतक और आरोपी दोनों एक ही परिवार से होने के कारण गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने भूरी पहाड़ी गांव में अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर दिया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच यह विवाद लंबे समय से चल रहा था, लेकिन कई बार पंचायतों के बावजूद इसका समाधान नहीं निकल सका।
यह भी पढ़ें- Kota: रेलवे प्रशासन हुआ सख्त, दिवाली पर रेल यात्रा के दौरान पटाखे या ज्वलनशील वस्तुएं साथ ले जाना प्रतिबंधित