सार
Rajasthan News: सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र के रामसिंहपुरा गांव में खेत पर एक बालक पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर जानवर भाग गया और बालक को अस्पताल में उपचार दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा तहसील के राम सिंह पुरा गांव में रविवार को एक बालक पर खेत में अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तेज आवाज और शोर मचाकर जानवर को भगा दिया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। घायल बालक को तुरंत उपचार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे खतरे से बाहर बताया। गनीमत रही कि बालक को गंभीर चोट नहीं आई।
मां और दादी के सामने हुआ हमला
ग्रामीणों के अनुसार, रामसिंहपुरा निवासी अविनाश अपने परिवार के साथ खेत पर गया हुआ था। उसकी मां और दादी पास में चारा काट रही थीं। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले तेंदुए ने बालक पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया, जिससे जानवर वहां से भाग गया।
कई दिनों से दिख रहा था जानवर का मूवमेंट
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में जंगली जानवर (संभावित पैंथर) का मूवमेंट देखा जा रहा है। इस बारे में वन विभाग को बार-बार सूचना दी गई, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। घटना के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें-
‘वह बहुत छोटी है…’, 8 साल के मासूम ने रोका बाल विवाह, दिल जीत लेगी कहानी
वन विभाग ने शुरू की जांच
वन विभाग के अधिकारियों ने घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि हमला करने वाला जानवर पैंथर था या कोई अन्य जंगली जीव। मौके पर टीम भेजकर पगमार्क (पैरों के निशान) के आधार पर जांच की जा रही है।