राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासी सरगर्मी तेज है, नेताओं का प्रचार और जोर पकड़ रहा है। अमर उजाला डॉट कॉम आपको बता रहा है राज्य के जमीनी हालात और उन विषयों के बारे में जो इस बार चुनावी मुद्दे हैं। इसी के मद्देनजर अमर उजाला का चुनाव रथ पहुंचा पुष्कर। संवाददाता अभिलाषा पाठक ने लोगों से बात कर यहां के हालात का जायजा लिया। टी वैली प्रायोजित अमर उजाला के खास लाइव कार्यक्रम सत्ता के सेमीफाइनल में जानिए कि पुष्कर में कैसे हैं जमीनी हालात और किसका पलड़ा है भारी।
इस चर्चा में हमारे साथ जुड़े भाजपा से महामंत्री अरुण वैष्णव, पार्षद जयनारायण, पार्षद कमल, किसान नेता घनश्याम और कांग्रेस के जगदीश जगदीश कुलेरिया।
सेहत के सवाल पर आमने-सामने
भाजपा नेता अरुण वैष्णव ने कहा कि वसुंधरा सरकार ने 'भामाशाह स्वास्थ्य योजना' के तहत गरीबों को प्राइवेट अस्पतालों में 3 लाख तक के इलाज की व्यवस्था की है। कांग्रेस नेता इस बात पर तुनक गए। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, "अस्पतालों में महिला चिकित्सकों की भारी कमी है। कई दवाइयों पर पाबंदी लगा दी गई। अस्पताल में 8 डॉक्टर हैं, बच्चों के डॉक्टर के न होने की बात कही। उन्होंने डॉक्टरों पर प्राइवेट प्रैक्टिस का भी आरोप लगाया।"
पानी के संकट पर बयानों के बुलबुले
पुष्कर में पीने के पानी का लगातार संकट बना हुआ है। खास तौर पर इस साल इस क्षेत्र में बारिश कम होने से दिक्कत बढ़ी है। भाजपा नेता अरुण वैष्णव ने कहा कि विधानसभा के सभी गांवों में हैंडपंप लगाए गए हैं। बिसलपुर की लाइन से हर पंचायत मुख्यालय को जोड़ा गया है। उन्होंने पानी को बचाने की जरूरत पर जोर दिया। इस पर कांग्रेस के जगदीश कुलेरिया ने कहा कि हमने पीने के पानी की वजह से आंदोलन किए। सड़कों पर मटके फोड़े तब जाकर कलेक्टर के दखल के बाद ये समस्या सुलझ पाई।
भाजपा में मुस्लिम को टिकट क्यों नहीं?
इस सवाल पर भाजपा के प्रतिनिधि का कहना था कि पार्टी के अंदर भेदभाव की कोई धारणा नहीं है। पहले भी मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने यहां से नसीम अख्तर को टिकट दिया है।
कार्यक्रम के दौरान पुष्कर सरोवर में सीवरेज का पानी जाने का मुद्दा उछला। भाजपा नेता के मुताबिक समस्या के समाधान के लिए 4 करोड़ रुपये दिए गए थे लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से योजना पूरी नहीं हो सकी।