सलूंबर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में टेलरिंग का काम करने वाले दुकानदार की करंट लगने से मौत हो गई। घटना झल्लारा थाना इलाके में रात करीब 10:30 बजे की है, जब दुकानदार अपनी दुकान का शटर बंद कर रहा था। जैसे ही उसने लोहे का शटर नीचे खींचा, अचानक उसे तेज करंट लगा और वह वहीं गिर पड़ा।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में दुकानदार को अचेत अवस्था में झल्लारा हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
बिजली सप्लाई बंद कर हटवाया गया तार
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुकान की बिजली सप्लाई बंद करवा दी और हादसे की वजह बने तार को हटवा दिया। इसके बाद झल्लारा हॉस्पिटल से शव को सलूंबर हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में शिफ्ट करवा दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पढ़ें- ऑपरेशन म्यूल हंटर: नागौर में साइबर अपराध पर कड़ा प्रहार, 17 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश, 21 ठग गिरफ्तार
शटर में करंट आने की वजह आई सामने
झल्लारा थानाधिकारी जयकिशन फुलवारिया के अनुसार मृतक महेंद्र S/O चम्पालाल चौबीसा, झल्लारा निवासी था। उसकी झल्लारा बस स्टैंड पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान थी और वह टेलरिंग का काम करता था। रोजाना की तरह वह रात को दुकान बंद कर रहा था, तभी मीटर से एक तार टूटकर शटर से छू गया। शटर में करंट आते ही उसे जोरदार झटका लगा और वह वहीं गिर गया।
आज होगा पोस्टमॉर्टम, परिजनों को सौंपा जाएगा शव
घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव का आज, रविवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस हादसे ने क्षेत्र में बिजली सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।