एक क्रूजर गाड़ी में चालक ने कुल 25 सवारियों को बिठा लिया, लेकिन पुलिस की नाकाबंदी से नहीं बच पाया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर।
राजस्थान में बीते दिनों गंभीर सड़क हादसों के बावजूद भी कई वाहन चालक सबक लेते नहीं सीख रहे हैं और लगातार लापरवाही बरत कर आमजन की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
विज्ञापन
ऐसा ही एक मामला सलूंबर जिले के गिला थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां एक क्रूजर गाड़ी में चालक ने कुल 25 सवारियों को बिठा लिया, लेकिन पुलिस की नाकाबंदी से नहीं बच पाया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव द्वारा जिले मे सडक सुरक्षा अभियान के तहत दिए आदेश की पालना में बनवारीलाल मीणा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, हेरम्ब जोशी पुलिस उप अधीक्षक वृत सलुम्बर के पर्यवेक्षण में झल्लारा थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला व टीम लगातार नाकाबंदी कर रही है। शुक्रवार को झल्लारा थाने के बाहर पुलिस टीम ने नाकाबंदी की। इस दौरान डूंगरपुर के आसपुर कस्बे की ओर से सलूंबर की ओर तेज गति से जा रही एक क्रूजर गाड़ी को रोका।
विज्ञापन
तेज रफ्तार से था खतरा
गाड़ी पूरी तरह से ओवरक्राउड थी। छत पर भी सवारियां बैठी थी। पुलिस ने गिनती की तो छत पर 13 महिला तथा पुरुष सवारियां बैठी पाई गई। गाडी के अन्दर ड्राईवर सहित कुल 12 सवारियां बैठी थी। 9 सवारियों की क्षमता वाली गाड़ी में 25 सवारियां बैठाकर और तेज गति से चलकर उनकी जान से खिलवाड़ करने पर पुलिस ने मौके पर ही प्रकरण दर्ज किया।
सवारियों ने साधी चुप्पी
इस दौरान किसी भी सवारी ने अपना नाम - पता नहीं बताया। चालक ने अपना नाम प्रमोद कुमार रोत पिता हिरीया रोत निवासी ओडा फला सागोत थाना निठाउवा जिला डूंगरपुर बताया। उनसे गाडी लिम्बोदा से गातोजी ले जाना बताया। पुलिस ने धारा 125, 281 बीएनएस के तहत गाड़ी जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया। एसपी यादव ने बताया कि जिले में ओवरलोड और ओवरक्राउड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई लगातार की जाएगी।