सचिन पायलट ने सीएम गहलोत को लिखा पत्र।
- फोटो : अमर उजाला
सीएम गहलोत को अपने लेटर हेड पर लिखी चिट्ठी में सचिन पायलट ने कहा है कि 17 और 18 जनवरी को हनुमानगढ़ जिले के दौरे के दौरान कई प्रतिनिधि मंडलों और काश्तकारों ने मुझसे मिलकर शीतलहर और पाला पड़ने से सरसों की फसल को हुए नुकसान के बारे में बताया है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पाला और शीत लहर जारी है, जिसमें कई जिलों में काश्तकारों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसलिए मेरा आपसे अनुरोध है कि शीतलहर और पाला पड़ने से सरसों की फसल सहित अन्य खड़ी फसलों के खराबे की गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को ज़्यादा से ज़्यादा मुआवजा दिलवाने का कष्ट करें।
गहलोत सरकार पर लगातार हमलावर पायलट
सचिन पायलट लगातार प्रदेश की गहलोत सरकार पर हमलावर हो रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को भी पायलट ने पेपर लीक मामले पर सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा था कि 'एक के बाद एक पेपर लीक सामने आ रहे हैं। इससे मन आहत होता है। हमें पुख्ता इंतजाम करना पड़ेगा और लोगों का विश्वास जीतना पड़ेगा कि कोई कितना भी बड़ा, ताकतवर व्यक्ति हो, किसी पद पर हो, नेता हो या अधिकारी हो, अगर बच्चों की जिन्दगी के साथ खिलवाड़ करेगा, तो हम उसको कभी नहीं बख्शेंगे। दोषियों को सूद समेत सजा मिले, यह बात हम हमेशा बोलते हैं। मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द इस दिशा में काम होगा।'
इसके बाद झुंझुनूं के गुढ़ा के किसान सम्मेलन में पायलट ने पेपर लीक मामले पर कहा- 'यह पेपर लीक किसी एक नेता, मंत्री, पार्टी की बात नहीं है। अब यह कहा जा रहा है कि इसमें कोई अधिकारी, नेता लिप्त नहीं था। लेकिन परीक्षा की कॉपी तिजोरी में बंद होती है। उस तिजोरी में से कॉपी बच्चों तक पहुंच गई, यह तो जादूगरी हो गई। ऐसे कैसे हो सकता है''। कोई तो ज़िम्मेदार होगा।
विधानसभा सत्र से पहले गहलोत वर्सेज पायलट
विधानसभा सत्र से पहले प्रदेश में ' गहलोत वर्सेस पायलट' के हालात फिर बन गए हैं। सीएम अशोक गहलोत ने भी पायलट के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा था कि जो पेपर लीक सरगना हैं, हम उन्हीं पर कार्रवाई कर रहे हैं। उन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। गहलोत ने कहा था कि विपक्ष आरोप लगा रहा है कि मंत्री-अफसरों की पेपर लीक में मिली भगत है। लेकिन वह झूठ बोल रहे हैं। भर्तियों को लेकर प्रदेश सरकार को क्रेडिट नहीं मिल जाए इसलिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं।