रिलायंस पावर राजस्थान में 6000 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाएं तैयार करेगा। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और रिलायंस पावर के अध्यक्ष अनिल अंबानी के बीच मुख्यमंत्री कार्यालय में गुरुवार को एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ है।
इस अवसर पर राजे ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना चाहती है। निजी क्षेत्र के साथ भागीदारी से राजस्थान को अन्य प्रदेशों के मुकाबले अधिक तेजी से विकसित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, गुजरात एवं छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में 15 सालों से लगातार एक ही सरकार रही है, इसका फायदा इन राज्यों को आर्थिक विकास के रूप में मिला है। उन्होंने कहा कि नवम्बर में आयोजित होने वाले रिसर्जेंट राजस्थान सम्मेलन से भी राज्य सरकार को काफी उम्मीदे हैं।
अंबानी ने कहा कि प्रदेश में सोलर पॉवर के क्षेत्र में रिलायंस समूह द्वारा 50 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया जाना प्रस्तावित है। रिलायंस पॉवर लिमिटेड द्वारा इन सोलर पार्कों में आधारभूत सुविधाओं को विकसित करने के साथ-साथ विद्युत प्रसारण तंत्र भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान की सौर ऊर्जा नीति देश की सर्वाधिक प्रगतिशील सौर ऊर्जा नीति है।