राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 12वीं कला वर्ग के गुरुवार को परिणाम घोषित कर दिए गए। सीकर के दूजोद गांव की रहने वाली विदुषी ने 99.20% अंक हासिल कर प्रदेश में टॉप स्थान हासिल किया है। प्रदेश टॉप करने की सूचना मिलते ही विदूषी के स्कूल और घर दोनों ही जगह जश्न का माहौल हो गया।
टॉपर विदूषी का सीकर में प्रिंस स्कूल में सम्मान किया गया। संस्थान के चेयरमैन डॉ. पीयूष सुंडा ने विदुषी बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विदुषी शेखावत ने पॉलिटिकल साइंस में 100 में से 100, ज्योग्राफी में 100 में से 100 और हिस्ट्री में 100 में से 99 अंक हासिल किए हैं।
जानकारी के अनुसार विदुषी शेखावत के पिता अजय सिंह शेखावत होटल मैनेजमेंट का काम करते हैं और मां वसु कंवर हाउस मेकर हैं। छात्रा विदुषी शेखावत ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बड़े भाई और स्कूल के शिक्षकों को भी दिया है। विदुषी का कहना है कि उसे जज बनना है और इसके लिए वह अभी से तैयारी कर रही है।
लगातार पढ़ाई करने का दिया संदेश
99.20 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा विदुषी ने पढ़ाई करने वाले बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि परीक्षा का तनाव नहीं लेना चाहिए। नियमित रूप से पढ़ाई करने से सफलता प्राप्त कर सकते हैं।