बाड़मेर दुष्कर्म पीड़िता आत्महत्या मामला
- फोटो : Amar Ujala Digital
बाड़मेर में नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता ने आत्महत्या कर ली थी। आरोपी पीड़िता को अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा था। इस मामले में महिला सेल बाड़मेर की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी दीपक भार्गव ने बताया कि 20 मार्च 2022 को राजकीय चिकित्सालय बाड़मेर पर पीड़ित नाबालिग के पिता ने थानाधिकारी थाना महिला को रिपोर्ट पेश की थी। जिसमें उसने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी कक्षा दसवीं में पढ़ती थी। आरोपी ने स्कूल से ढाणी आते समय उसकी बेटी को जबरदस्ती रोक लिया और झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोपी उसके बाद बेटी को अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा था। पिता का कहना है कि प्रताड़ना से तंग आकर बेटी ने टांके में कूदकर जान दे दी।
शिकायत के बाद महिला थाने में पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट और आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।