रेंजर प्रतापसिंह चुण्डावत हत्याकांड मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध खनन से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही, पुलिस ने अवैध खनन के कार्य में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जेसीबी तथा ट्रैक्टर का मालिक प्रकाश धाकड़, अवैध खनन करवाने वाला दिनेश मोग्या, जेसीबी चालक नारायण मीणा, जेसीबी चलवाने वाला हरिश धाकड़ और ट्रैक्टर चालक विक्रम मोग्या शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी
मामले के मुख्य आरोपी धामनिया रोड, छोटीसादड़ी निवासी कन्हैयालाल उर्फ कान्हा को पुलिस घोसुंडी के जंगल से पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। हाल में पकड़े गए पांचों आरोपियों में से प्रकाश धाकड़ जेसीबी और ट्रैक्टर का मालिक है। वहीं दिनेश मोग्या वह व्यक्ति है, जो क्षेत्र में अवैध खनन करवा रहा था। हरिश धाकड़ जेसीबी का संचालन करवाता था। नारायण मीणा जेसीबी चला रहा था, जबकि विक्रम मोग्या ट्रैक्टर चला रहा था। पुलिस इन सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
21 सितंबर की रात हुई थी वारदात
यह वारदात 21 सितंबर की रात को घटी थी। रेंजर प्रतापसिंह चुण्डावत वन विभाग की टीम के साथ अवैध खनन पर रोक लगाने के उद्देश्य से सुक्कड़-मोहनपुरा तलाई गए थे। वहां गश्त के दौरान जब उन्होंने खनन में लगे वाहनों का पीछा किया, तो आरोपी डंपर चालक ने जानबूझकर उनके ऊपर डंपर चढ़ा दिया। इस जानलेवा हमले में रेंजर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद से पुलिस इस आपराधिक तंत्र की कड़ियों को जोड़ने में लगी थी और अब पांच और लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें:
एसआईआर विवाद: भजनलाल शर्मा का कांग्रेस पर हमला, बोले- संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही पार्टी
छोटी सादड़ी में रेंजर प्रतापसिंह चुण्डावत हत्याकांड की जांच में पुलिस ने अवैध खनन से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अवैध खनन में इस्तेमाल ट्रैक्टर भी जब्त किया है। इससे पहले मुख्य आरोपी कन्हैयालाल उर्फ कान्हा को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।