राजसमंद के माचिंद गांव में पानी भरा
- फोटो : अमर उजाला
सावन के पहले सोमवार को जिले में बारिश ने जहां मौसम को सुहाना बना दिया, वहीं आम जनजीवन को खासा प्रभावित भी किया। सुबह 5 बजे से शुरू हुई रिमझिम फुहारें जल्द ही मूसलाधार बारिश में तब्दील हो गईं, जो अब तक लगातार जारी हैं। तेज बारिश के कारण शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया और कई स्थानों पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। मुख्य बस स्टैंड पर भी जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इधर सावन का पहला सोमवार होने से बारिश के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। श्रद्धालु भीगते हुए भी शिवालयों में पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र अर्पित किए। भक्तों ने महादेव की आराधना कर अपने मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की।
मचींद गांव में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात
जिले के खमनोर क्षेत्र के मचींद गांव में ऊपरी इलाके में भारी बारिश के चलते पानी का तेज बहाव गांव की ओर आ गया। सुबह करीब 6 बजे अचानक पानी मोहल्लों में घुस आया। सुथारों के मोहल्ले में घरों के बाहर खड़ी दो कारें पानी के तेज बहाव माचिस की तरह बह गईं।
ये भी पढ़ें: Udaipur News: फर्जी शादी करके लाखों की ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, लुटेरी दुल्हन सहित तीन हिरासत में
गांव के उपसरपंच पंकज सोनी ने बताया कि भंवरलाल सुथार की मारुति स्विफ्ट और गणेशलाल सुथार की मारुति जेन कार पानी में बह गई हैं। मोहल्ले में करीब 30 घर हैं, जिनके बाहर पानी भर गया है और लोग घरों में ही फंसे हुए हैं।
तेज बहाव के कारण गांव की सड़क पर करीब 4 से 5 फीट तक पानी बहने लगा है, जिससे राशन की दुकान, बैंक और कई दुकानों में पानी भर गया है। फिलहाल ग्रामीण सुरक्षित स्थानों पर रहकर बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य शुरू होने की उम्मीद की जा रही है।