रेलमगरा में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने लोकार्पण व शिलान्यास किए
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मंगलवार को जिले के नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड़ 76 लाख रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम खमनोर पंचायत समिति के गांवगुड़ा और रेलमगरा क्षेत्र में आयोजित हुए। इस दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास, शिक्षा, सड़क, धार्मिक और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: विपक्ष के आरोपों पर मदन राठौड़ का पलटवार, बोले- जनादेश पर सवाल उठाना लोकतंत्र का अपमान
गांवगुड़ा में 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बने विद्यालय भवन, 6.78 करोड़ की सड़क, 30 लाख रुपये की सड़क तथा 20 लाख रुपये की पुलिया का लोकार्पण किया गया। वहीं रेलमगरा क्षेत्र में 7.73 करोड़ रुपये की सड़क सुदृढ़ीकरण परियोजना, 25 लाख रुपये की सड़क, 1 करोड़ रुपये के मंदिर विकास कार्य और 1 करोड़ रुपये के खेल स्टेडियम का लोकार्पण किया गया।
इन परियोजनाओं के तहत क्षेत्र में कुल 22.05 किलोमीटर सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण का कार्य किया गया है। इससे आवागमन बेहतर होने के साथ शिक्षा, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।