उन्होंने उसे बुरी तरह मारा पीटा जब वह बेहोश हो गई तो ससुराल वालों ने उसके हाथ और शरीर पर जगह जगह गोद कर गालियां लिख डालीं। उसके बदन पर बना हर टैटू उसके साथ हुई ज्यादती को बयां कर रहा था। यहां तक के उसके हाथ पर लिख डाला कि मेरा बाप चोर है। इंसानियत को शर्मसार करती यह घटना है राजस्थान के उदयपुर की।
एनडीटीवी की खबर के अनुसार युवती के ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर लगातार उसे तंग कर रहे थे। युवती की शादी 2014 में उदयपुर निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के बाद से लगातार उससे मारपीट की जा रही थी। परिजनों के अनुसार कुछ दिन से उससे 51 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके ससुरालवालों ने उसे पीने के लिए एक पेय दिया जिसे पीते ही वह बेसुध हो गई। इसके बाद परिजन उसे एक अज्ञात स्थान पर ले गए और वहां भी उससे मारपीट की। वह बेहोश हुई तो उसके हाथ, माथे और शरीर के अन्य अंगों पर गोदकर गालियां लिख डाली। उसके हाथ पर यह भी लिख डाला कि मेरा बाप चोर है। जिसे उसने बड़ी मुश्किल से मिटाया।
पुलिस के अनुसार महिला का आरोप है कि उससे गैंगरेप भी किया गया है, हमने इस संबंध में चिकित्सा जांच कराने के लिए कहा है। जल्द ही उस पर कार्रवाई होगी।