तीन मई के बाद बदलेगा प्रदेश का मौसम।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान में गर्मी का कहर जारी है। लू के थपेड़ों ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों का तापमान 45 डिग्री के पार चला गया है। वहीं दो मई तक तापमान और भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। यानी अभी लोंगों और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में दो मई तक पारा ऊपर चढ़ेगा साथ ही लू भी चलती रहे। इसके बाद तीन मई को आंधी और बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान तापमान में चार डिग्री की गिरावट हो सकती है। इससे प्रदेश के ज्यादातर शहरों का पारा 40 डिग्री के करीब आ सकता है। आज शनिवार 30 अप्रैल को पाली, बीकानेर, अजमेर, बाड़मेर, जोधपुर और नागौर में 50 किमी की रफ्तार से आंधी आने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ दे सकता है राहत
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के उत्तरी और पश्चिम-उत्तरी क्षेत्र में तीन मई से एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे बीकानेर, जोधपुर और जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान बीकानेर, चूरू, जोधपुर, गंगानगर, झुंझुनूं, नागौर और हनुमानगढ़ जिले में बरसात होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इससे कुछ दिन तक तापमान में गिरावद देखी जा सकती है। साथ ही लू थपेड़ों से भी राहत मिलेगी।