महेश जोशी और उनके बेटे रोहित जोशी
- फोटो : Social Media
गहलोत सरकार में जलदाय मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी पर दुष्कर्म के आरोप लगे हैं। जिसके बाद महेश जोशी और उनके बेटे आरोपों की जद में आ गए हैं। कहा जा रहा है कि मामले से चिंतित जलदाय मंत्री ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलने का समय मांगा है। वहीं मीडिया से बात करते हुए जोशी ने कहा कि मैं न्याय के साथ हूं। मैं पीड़ित के साथ हूं। जो भी सच होगा, वो सामने आ जाएगा।
दूसरी ओर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जलदाय मंत्री इस्तीफा भी दे सकते हैं। जोशी के समय मांगने पर सीएम गहलोत ने महेश जोशी को दोपहर का समय दिया है।
महेश जोशी लंबे इंतजार के बाद मंत्री बने हैं और मुख्यमंत्री गहलोत के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में प्रभाव से जांच प्रभावित ना हो और विपक्ष को मुद्दा बनाने का मौका ना मिले, इसलिए महेश जोशी की ओर से कोई बड़ा कदम उठाने की संभावना है।
क्या है मामला
एक महिला ने रोहित जोशी पर दुष्कर्म, धकमाने और शारीरिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके खिलाफ दिल्ली के सदर बाजार थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है, जहां से यह मामला सवाई माधोपुर के महिला थाने को भेजा गया है। पीड़िता ने मंत्री के बेटे के खिलाफ धारा 376, 328, 312, 368, 377, 506 और 509 में केस दर्ज करवाया है।
अपनी रिपोर्ट में महिला ने पुलिस को बताया कि रोहित जोशी ने सवाई माधोपुर के एक होटल में उसे नशीला पदार्थ पिलाया। इसके बाद बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। किसी को बताने पर रोहित ने उसे फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। साथ ही रोहित ने अपने मंत्री पिता की राजनीतिक पहुंच का डर दिखाकर धमकाया।
आरोप है कि रोहित जोशी पिछले करीब एक साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। रोहित ने उसके साथ शादी करने का वादा किया था। यहां तक उसने पीड़िता के गर्भवती होने पर उसका अबॉर्शन करवा दिया।