राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) रविवार को प्रदेश के सात संभाग मुख्यालयों पर बनाए गए 429 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया, इसके बाद सभी केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। इसी बीच जयपुर के बनाड़ रोड स्थित पिंकसिटी एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र देर से पहुंचने को लेकर अभ्यर्थियों ने हंगामा कर दिया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय के करीब सवा 11 बजे प्रश्नपत्र का सेट केंद्र पर पहुंचा। इसके बाद कुछ अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आए और विरोध जताने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और अभ्यर्थियों से बातचीत की।
पेपर देर से पहुंचने का आरोप, केंद्र पर समझाइश
अभ्यर्थियों के अनुसार परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू होनी थी, लेकिन पिंकसिटी एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल केंद्र पर प्रश्नपत्र का सेट करीब सवा 11 बजे पहुंचा। इससे नाराज कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र से बाहर आकर विरोध जताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभ्यर्थियों से बातचीत की और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। वहीं, सेंटर संचालकों का कहना है कि परीक्षा चल रही है और अभ्यर्थियों को समझाया जा रहा है। केंद्र पर स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
तीन साल बाद हो रही SET परीक्षा, 1.77 लाख अभ्यर्थी
राजस्थान में करीब तीन साल बाद राज्य पात्रता परीक्षा आयोजित की जा रही है। ऐसे में प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को इस परीक्षा से काफी उम्मीदें हैं। इस बार परीक्षा के लिए आवेदनों की संख्या में भी करीब 31 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
वर्ष 2023 में आयोजित SET परीक्षा के लिए 1 लाख 35 हजार 323 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस बार यह संख्या बढ़कर 1 लाख 77 हजार 901 हो गई है। परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से कराई जा रही है। अकेले जयपुर में 171 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 78 हजार 617 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी
परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग के साथ मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। इसके बाद बायोमेट्रिक अटेंडेंस कराई गई और पहचान पत्र की जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों के लिए कलर्ड प्रिंट एडमिट कार्ड, मूल फोटो पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य किया गया था। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर समेत किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर रोक रही। इसके अलावा ड्रेस कोड को लेकर भी परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई।