राजस्थान में सोलहवीं लोकसभा चुनाव में इस बार जयपुर शहर संसदीय सीट पर भारतीय जनता पार्टी के
उम्मीदवार रामचरण बोहरा ने सर्वाधिक पांच लाख 39 हजार 345 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
निर्वाचन विभाग के अनुसार बोहरा ने आठ लाख 63 हजार 358 मत हासिल किए जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार महेश जोशी को तीन लाख 24 हजार 13 मत मिले।
इस चुनाव में करौली-धौलपुर संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी मनोज राजोरिया 27 हजार 216 सबसे कम मतों के अंतर से विजयी रहे।
मनोज राजोरिया ने चार लाख दो हजार चार सौ सात मत प्राप्त किये जबकि उनके निकतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के लक्खीराम को 3 लाख 75 हजार 191 मत मिले।
जोधपुर से भाजपा के नये उम्मीदवार गजेन्द सिंह शेखावत ने चार लाख दस हजार 51 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर दूसरे सबसे अधिक मतों के अंतर से जीतने वाले उम्मीदवार बने।
इसी तरह छह उम्मीदवारों ने तीन लाख से अधिक मतों के अंतर से अपनी जीत दर्ज कराई। जिनमें पाली से पी पी चौधरी तीन लाख 99 हजार 39-राजसमंद से हरिओम सिंह राठौड तीन लाख 95 हजार 705 जयपुर ग्रामीण से राज्यवर्धन सिंह राठौड तीन लाख 32 हजार 896 प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा दस प्रत्याशियों ने दो लाख से अधिक एवं दो उम्मीदवारों ने एक लाख से अधिक मत के अंतर से अपनी जीत हासिल की जबकि पांच उम्मीदवार एक लाख से कम अंतर से विजयी रहे।