राजस्थान की सियासत में रोज नए मोड़ आ रहे हैं, जिससे राजनीति और भी ज्यादा गरमाती जा रही है। अब प्रदेश में तीन ऑडियो क्लिप वायरल हो रही हैं। इनमें विधायक और बिचौलिए के बीच रुपए-पैसे की बात हो रही है। इससे माना जा रहा है कि बीते सात दिनों से चल रहे सियासी संकट के दौरान सरकार गिराने और सत्ता पर काबिज होने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश तक की गई।
दरअसल, एक स्थानीय समाचार चैनल पर यह क्लिप प्रसारित की गई। इसमें दावा किया गया कि एक बिलौचिए और एक विधायक के बीच की यह बातचीत है। इसमें पायलट और एक केंद्रीय मंत्री जिक्र है। इस दौरान रुपये-पैसे की भी बात हो रही है। कहा जा रहा है कि ऑडियो क्लिप राजस्थान सरकार की तरफ से ही जारी की गई है।
बता दें कि बीते बुधवार को ही राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया था कि उनके पास पायलट खेमे की सौदेबाजी का पुख्ता सबूत है। सिर्फ यही नहीं गहलोत शुरू से ही कहते आ रहे हैं कि बीजेपी उनकी सरकार गिराने की कोशिश में लगी है। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि सचिन पायलट के हाथ में कुछ भी नहीं है। हालांकि बीजेपी ने लगातार इससे इनकार किया है।
हाईकोर्ट में बागी विधायकों की याचिका पर सुनवाई से पहले यह ऑडियो क्लिप वायरल हुई हैं। बता दें कि शुक्रवार दोपहर एक बजे हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है, जिसके बाद शाम को स्पीकर सीपी जोशी इस बात पर फैसला ले सकते हैं कि बागी विधायकों को अयोग्य घोषित किया जाए या नहीं।
अगर विधायक अयोग्य घोषित होते हैं तो गहलोत सरकार बड़े आराम से बहुमत साबित कर पाएगी, हालांकि ये अयोग्य साबित नहीं भी होते तो भी सरकार नहीं गिरेगी। यह जरूर है कि विरोधियों को जोड़तोड़ का मौका मिल जाएगा।
बता दें कि कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट ने तब खुलेआम बगावत कर दी जब उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार अल्पमत में है क्योंकि 30 विधायक उनके साथ हैं। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें काफी मनाने की कोशिश की, परंतु वह नहीं माने।
जयपुर में विधायक दल की दो-दो बैठकें हुईं लेकिन पायलट इनमें से एक में भी नहीं पहुंचे। अंत में कांग्रेस पार्टी ने उनसे प्रदेश अध्यक्ष का पद छीन लिया और उन्हें उपमुख्यमंत्री का पद से हटा दिया गया।
ऑडियो क्लिप मामले में एक गिरफ्तार
एक रिपोर्ट के अनुसार, ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद राजस्थान पुलिस भी हरकत में आ गई है। प्रदेश पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने इस मामले में संजय जैन नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, विधायकों की खरीद-फरोख्त के सिलसिले में जैन से कांग्रेस पार्टी के एक विधायक संपर्क में थे। बता दें कि इस पूरे राजनीतिक संकट की जड़ में पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की ओर से 10 जुलाई को सचिन पायलट को जारी किए गए नोटिस को अहम कारण बताया जा रहा है।
वायरल हो रही ऑडियो क्लिप फर्जी: कांग्रेस विधायक
वायरल हुई ऑडियो क्लिप फर्जी हैं। सीएम के विशेष कर्तव्य पर अधिकारी लोकेश शर्मा नकली ऑडियो क्लिप के माध्यम से विधायकों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि सीएम संकट और निराशा में हैं।
-भंवर लाल शर्मा, कांग्रेस विधायक, ऑडियो क्लिप पर बोलते हुए