राजस्थान पुलिस के विशेष कार्यबल (एसओजी) ने विधायकों की खरीद फरोख्त के जरिए राजस्थान की चुनी हुई कांग्रेस सरकार को गिराने की साजिश के आरोपों में दो और प्राथमिकियां शुक्रवार को दर्ज कीं। ये प्राथमिकियां कांग्रेस के मुख्य सचेतक महेश जोशी की शिकायत पर दर्ज की गई हैं। एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक अशोक राठौड़ ने बताया, 'विधायकों की खरीद-फरोख्त और सोशल मीडिया में वायरल हुए कथित ऑडियो की जांच के लिए आईपीसी की धारा 124ए तथा 120बी के तहत दो एफआईआर दर्ज की गई हैं।'
उन्होंने कहा कि ऑडियो रिकार्डिंग में जिन संजय जैन का नाम सामने आया है उन्हें गुरुवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और उनसे पूछताछ की जा रही है। कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, संजय जैन और भंवर लाल शर्मा पर विधायकों की खरीद फरोख्त का आरोप लगाया है। हालांकि मंत्री ने आरोपों से साफ इनकार किया है। उन्होंने वायरल हो रही ऑडियो को फर्जी बताया है।
कौन हैं भंवर लाल शर्मा और संजय जैन
भंवर लाल शर्मा कांग्रेस विधायक हैं। वे सातवीं बार चुरू के सरदार शहर से विधायक चुने गए हैं। वह ब्राह्मण समाज का राष्ट्रीय चेहरे के तौर पर उभरे हैं और 2011 से अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ के अध्यक्ष हैं। उनपर गहलोत सरकार को अस्थिर करने का आरोप है। जिसके बाद शुक्रवार को कांग्रेस ने उन्हें प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया। वहीं संजय जैन भाजपा विधायक हैं। ऐसे में हम आपको बताते हैं कि वायरल हो रही नेताओं की कथित ऑडियो क्लिप में क्या-क्या बातें की गई हैं। हालांकि, अमर उजाला इस ऑडियो क्लिप के सत्यता को प्रमाणित नहीं करता है।
ऑडियो टेप का ट्रांस्क्रिप्शन:
हां साहब बात करवाइए
भंवरलाल- हैलो
संजय जैन- हां ठीक है साहब, बढ़िया हुआ, सारी बातचीत हो गई, एकदम खुल गया और ईब कोई शंका कोनी
भंवरलाल- हां जी, अब ये है कि तीर भिड़ा दिए हैं अपने ने
संजय जैन- हां ठीक है
भंवरलाल- सरकार तो रहणी कोनी, बर्खास्त करनी पड़ेगी
संजय जैन- हां वो तो ठीक है पर वो एक बार संख्या बल देख लेना। हमने आज ही प्रोग्राम किए हैं बुक, पहुंचिए आप
भंवरलाल- हां, ठीक है
संजय जैन- तुरंत है जे (जो) की व्यवस्था मैं आपने बताई दी, मेरे जिम्मे है, आपकी और गिरधारी की
भंवरलाल- ठीक है
संजय जैन- और मैंने साहब को मैं कह दियो कि सचिन जी की तरफ से वा लिस्ट में कोनी आवै। बात बढ़िया रहेगी। आपकी बात गोपनीय रहेगी। जिहयां चाहवै मैं करवा रहा हूं
भंवरलाल- अमाउंट की बात हो गई न
संजय जैन- हां त्हाने कल कही थी, वा बात एकदम खरी है
भंवरलाल- ठीक है
संजय जैन- त्हारी उम्र का पूरा ख्याल रखा जाएगा, एकदम चिंता मत करो
भंवरलाल- सबसे वरिष्ठ मैं ही हूं सात बार को
संजय जैन- हां, चिंता न करो
भंवरलाल- ठीक है
संजय जैन- चेतन डूडी और बलवान पूनिया का प्रयास और कर लो
भंवरलाल- चेतन डूडी भी आसी, बलवान पूनिया भी आसी, हो सकता है रिछपाल जी का लड़का भी आ जावे
संजय जैन- फिर तो बहुत ही बढ़िया हो जाएगा
भंवरलाल- हां लग रहा हूं मैं
संजय जैन- ठीक है