सार
राजस्थान पुलिस के 123 अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए DGP डिस्क और प्रशंसा रोल से सम्मानित किया जाएगा। अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध रोकथाम, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है।
राजस्थान पुलिस के 123 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए पुलिस महानिदेशक (DGP) डिस्क एवं प्रशंसा रोल से सम्मानित किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय की ओर से शनिवार को इसकी घोषणा की गई। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, प्रशासनिक कार्यों, साइबर अपराध रोकथाम, यातायात प्रबंधन तथा पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को इस सम्मान के लिए चुना गया है।
साल 2026 के लिए 123 अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन
चयनित अधिकारियों में अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) से लेकर कांस्टेबल स्तर तक के पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, यह सम्मान उन अधिकारियों और जवानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिया जा रहा है जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए विशेष उपलब्धियां हासिल की हैं। पुलिस विभाग की चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर विभिन्न पुलिस रेंज, जिलों और इकाइयों से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण किया गया। इसके बाद वर्ष 2026 के लिए कुल 123 अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन किया गया है।
ये भी पढ़ें-
चित्तौड़गढ़ में प्यार की 'सजा': अपनी मर्जी से शादी करने वाली सगी बहनों को पिता ने माना मृत; छपवाई शोक पत्रिका
सम्मान पाने से बढ़ता है पुलिस बल का मनोबल
सम्मान पाने वालों में अतिरिक्त महानिदेशक (पुलिस प्रशिक्षण) एच.जी.आर. सुहास, पुलिस महानिरीक्षक राजेंद्र सिंह, राहुल प्रकाश और पेरिस देशमुख शामिल हैं। इसके अलावा उप महानिरीक्षक जय यादव, मनोज कुमार और शांतनु कुमार सिंह को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि ऐसे सम्मान पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर कार्य संस्कृति को भी प्रोत्साहित करते हैं।