राजस्थान : थाना प्रभारी की रो-रोकर हुई मौत
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान के भरतपुर में एक अजीब मामला सामने आया है। यहां एक थाना प्रभारी की रोते-रोते मौत हो गई। थाना प्रभारी होशियार सिंह को अपने बेटे की शादी के लिए छुट्टियां चाहिए थीं लेकिन गुर्जर आंदोलन की वजह से सभी छुट्टियां रद्द थीं। थाना प्रभारी छुट्टियां ना मिलने की वजह से परेशान थे और खूब रोने लगे।
भरतपुर के उज्जैन थाने में पुलिसकर्मियों ने जानकारी दी कि होशियार सिंह छुट्टियां ना मिलने की वजह से कुर्सी पर बैठकर फूट-फूटकर रोने लगे। इसके बाद उनके सीने में अचानक से दर्द उठा और उनकी मौत हो गई। होशियार सिंह के बेटे की शादी 25 नवंबर की थी और 16 नवंबर को उनके बेटे की सगाई की रस्में की थीं।
होशियार सिंह इन्हीं कार्यक्रमों के लिए छुट्टियां मांग रहे थे लेकिन छुट्टियां ना मिलने की वजह से वो फूट-फूट कर रोने लगे और उनकी मौत हो गई। हालांकि कार्यवाहक एसपी मूल सिंह राणा ने छुट्टी ना मिलने की वजह से हुई मौत वाली बात को खारिज किया है। उन्होंने कहा ये बात ठीक नहीं है। दस नवंबर को ही उनकी छुट्टी मंजूर कर दी गई थीं।