हादसे के बाद अस्पताल में मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
नागौर में शोक सभा से वापस लौट रहा पिकअप वाहन पलट गया। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जेएलएन अस्पताल लाया गया, जिसमें चार गंभीर रूप से घायल हैं। इनका इमरजेंसी में उपचार जारी है। वहीं, तीन गंभीर लोगों को जोधपुर रेफर कर दिया गया।
बता दें कि नागौर के ऊंटवालिया गांव के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें सामने से आ रही एक बोलेरो से टक्कर होने से बचाने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। पिकअप में सवार तीन लोग गंभीर घायल हो गए, जिनकी कुछ ही देर बाद मौत हो गई। वहीं चार लोग घायल हो गए। हादसे में चंपली, मंगी देवी और गंगा की मौत हो गई। दरअसल, पिकअप में सवार हो ऊंटवालिया रहने वाले शोक जता लौट रहे थे, तब गांव से पहले एक बोलेरो सामने से आ रही थी, उससे टक्कर न हो जाए इसके लिए पिकअप चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पिकअप अनियंत्रित हो गई और पलटी खा गई।
सड़क हादसे के बाद एक बार मौके पर चीख-पुकार मच गई। तुरंत ही पुलिस एंबुलेंस को इसकी सूचना दी गई। एंबुलेंस में निजी वाहनों की मदद से घायलों को नागौर लाया गया और इलाज शुरू किया गया। बड़े सड़क हादसे की जानकारी मिलने के बाद नागौर के उपखण्ड अधिकारी सुनील पंवार सीओ विनोद कुमार और बालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस हादसे की जानकारी ली। वहीं, अस्पताल में भी एक साथ बड़ी संख्या में घायल आने के चलते भीड़ लग गई। सभी को इमरजेंसी में उपचार के लिए शिफ्ट किया गया।