राजस्थान में ग्राम पंचायतों के लिए चौथे व अंतिम चरण का मतदान शनिवार सुबह शुरू हुआ। इस चरण में 897 ग्राम पंचायतों में पंच सरपंचों के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। दोपहर 12 बजे तक कुल 38.91 फीसदी मतदान हुआ है।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव श्याम सिंह राजपुरोहित ने बताया कि मतदान के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंधन किए गए हैं। मतदान सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ और शाम साढ़े पांच बजे तक चलेगा। इस चरण में कुल 30,56,742 मतदाता हैं। जिन 897 ग्राम पंचायतों में चुनाव हो रहा है वहां सरपंच पद के लिए 4,629 उम्मीदवार हैं। 26 सरपंच पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। वहीं, मतदान समाप्ति के बाद सभी पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना करवाई जाएगी। जिसके परिणाम देर रात तक सामने आएंगे।
इस बार चुनाव चार चरणों में हो रहा है। पहला चरण में 28 सितंबर को चुनाव हुए थे। जबकि दूसरे चरण के लिए तीन अक्तूबर और तीसरे चरण के लिए छह अक्तूबर को मतदान किए गए। चौथे चरण के लिए आज लोग मतदान कर रहे हैं।
ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव की घोषणा होते ही, प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई। पहले इन चुनावों को अप्रैल में करवाया जाना था, लेकिन कोरोना के चलते मतदान प्रक्रिया को टाल दिया गया। बाद में अदालत द्वारा इन चुनाव को 15 अक्तूबर तक बढ़ा दिया गया था।
दूसरी ओर, कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या को 1100 से घटाकर 900 कर दिया गया है। इसके अलावा मतदान केंद्रों की संख्या में इजाफा किया गया है।