फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: टेलीफोन, फूलगोभी, चूल्हा, जंजीर, टॉफियां…पंचायतीराज चुनाव के लिए मुक्त चुनाव चिह्नों की सूची जारी

Sat, 10 Oct 2026 05:40 PM IST
प्रतीक पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान के गांवों में पंचायत चुनाव की तैयारी के बीच निर्दलीय प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न भी चर्चा का विषय बन गए हैं। सरपंच से लेकर जिला परिषद सदस्य तक के चुनाव में इन चिह्नों के जरिए निर्दलीय उम्मीदवार मतदाताओं के बीच अपनी पहचान बनाएंगे।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान में पंचायतीराज चुनावों के लिए मुक्त चुनाव चिन्हों की विस्तृत सूची जारी कर दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव की सरगर्मी बढ़ते ही चौपालों पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। गांव की सरकार चुनने के लिए मैदान में उतरने वाले निर्दलीय प्रत्याशियों की पहचान इस बार केवल पारंपरिक प्रतीकों तक ही सीमित नहीं रहेगी। निर्दलीय प्रत्याशी अब सोफा, भिंडी, चूड़ियां, मिक्सी और तरबूज जैसे रोजमर्रा के घरेलू सामान के प्रतीकों पर वोट मांगते दिखाई देंगे।
विज्ञापन


आयोग ने सरपंच, पंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के लिए मुक्त चुनाव चिह्न निर्धारित कर दिए हैं। आयोग के फैसले के बाद गांवों में निर्दलीय प्रत्याशी अपने आवंटित अनोखे प्रतीकों के सहारे मतदाताओं के बीच अपनी पहचान मजबूत करने की रणनीति बना रहे हैं। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को उनके निर्धारित पार्टी प्रतीक ही आवंटित किए जाएंगे, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों को 40 मुक्त चुनाव चिन्हों में से विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा। इन प्रतीकों में रसोई के बर्तनों से लेकर फल, सब्जियां, पहनावे और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं, जो चुनाव प्रचार को दिलचस्प और मनोरंजक बनाने जा रहे हैं।

मान्यता प्राप्त दलों के आरक्षित प्रतीक
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के लिए उनके तय चुनाव चिह्न आरक्षित रहेंगे। इस व्यवस्था के तहत भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार कमल के निशान पर चुनाव लड़ेंगे। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी हाथ के निशान पर किस्मत आजमाएंगे। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों को झाड़ू का चुनाव चिह्न मिलेगा। बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशियों के लिए हाथी का प्रतीक सुरक्षित रहेगा।
विज्ञापन


इसी तरह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी - मार्क्सवादी के उम्मीदवार हथौड़ा, हंसिया और सितारा चिह्न पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। नेशनल पीपुल्स पार्टी के प्रत्याशियों को किताब का चुनाव निशान मिलेगा। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशियों को बोतल का प्रतीक आवंटित किया जाएगा। भारत आदिवासी पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार हॉकी और बॉल के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे। मान्यता प्राप्त दलों के प्रत्याशी इन्हीं अधिकृत प्रतीकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अपना प्रचार अभियान चलाएंगे।

सरपंच पद के लिए चालीस मुक्त प्रतीक
गांव के सरपंच पद के निर्दलीय उम्मीदवारों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने 40 मुक्त चुनाव चिह्न निर्धारित किए हैं। इस सूची में दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली कई व्यावहारिक वस्तुएं शामिल की गई हैं। रसोई और घरेलू उपयोग की वस्तुओं में केतली, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, चिमटा, मूसल और मथनी, माचिस की डिब्बी, टूथपेस्ट, ट्यूबलाइट, ट्यूबब्रश, मेज, स्टूल और दीवार खूंटी शामिल हैं। फल और सब्जियों की श्रेणी में कटहल, नाशपाती, अखरोट, तरबूज और भिंडी जैसे प्रतीक दिए गए हैं।

कपड़ों और पहनावे की श्रेणी में आयोग ने जुराबें, लेडी पर्स, हेलमेट और कड़ाही जैसे प्रतीकों को रखा है। इसके अतिरिक्त सरपंच पद के अन्य चुनाव चिन्हों में प्रेस, स्लेट, सोफा, कुंडी, झूला, लेटर बॉक्स, सिरिंज, माइक, टेंट, कैमरा, पेट्रोल पंप, ट्रक, करणी, टायर, बिस्किट, छड़ी, रेजर और खिड़की शामिल हैं। सरपंच पद के उम्मीदवार इन प्रतीकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार की तैयारी में जुट गए हैं।

पंचायत समिति सदस्यों के प्रतीक विकल्प
पंचायत समिति सदस्यों के लिए जारी मुक्त चुनाव चिन्हों की सूची में आधुनिक उपकरणों और घरेलू वस्तुओं को प्राथमिकता प्रदान की गई है। आयोग द्वारा जारी सूची के अनुसार पंचायत समिति सदस्य पद के प्रत्याशियों को अलमारी, चप्पलें, सेब, कोट, गुब्बारा, चारपाई, चूड़ियां, मिक्सी, मोतियों का हार, पेंसिल डिब्बा, बेंच और तकिया जैसे प्रतीक आवंटित किए जा सकते हैं।

इनके अलावा सूची में आदमी व पाल युक्त नौका, बिजली का खंभा, बक्सा, बांसुरी, ईंट, फ्रॉक, बाल्टी, रेफ्रिजरेटर, फव्वारा, टेलीफोन, फूलगोभी, गैस का चूल्हा, जंजीर, टॉफियां, चक्की, साइकिल पंप, अंगूर, आरी, हरी मिर्च, स्कूल का बस्ता, हाथगाड़ी, कैंची, हारमोनियम, सिलाई मशीन, आइसक्रीम और जूता जैसे विकल्प भी दिए गए हैं। पंचायत समिति सदस्य पद के निर्दलीय प्रत्याशी इन प्रतीकों का चयन करके मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश करेंगे।

जिला परिषद और वार्ड पंच के चुनाव निशान
जिला परिषद सदस्य पद के प्रत्याशियों के लिए निर्वाचन आयोग ने लिफाफा, टीवी, हरी मिर्च और हारमोनियम जैसे लोकप्रिय प्रतीकों को अपनी सूची में स्थान दिया है। वहीं वार्ड पंच पद के उम्मीदवारों के लिए भी 40 मुक्त चुनाव चिह्न तय किए गए हैं। पंच पद की इस सूची में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए निर्धारित कई प्रतीकों को ही शामिल किया गया है। इनमें अलमारी, चप्पलें, बांसुरी, फव्वारा, हरी मिर्च और हारमोनियम जैसे प्रमुख प्रतीक मौजूद हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में वार्ड पंच और जिला परिषद सदस्यों के प्रत्याशी इन आवंटित प्रतीकों के आधार पर अपने चुनाव प्रचार अभियानों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें