राजस्थान के सीमावर्ती जिलों श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में पुलिस तथा सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई 70 करोड़ रुपये मूल्य की 13.8 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। सुरक्षा बलों ने इस कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं समेत छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह नशीली खेप रायसिंहनगर सीमा क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा गिराई गई थी, जिसे आरोपी पंजाब ले जाने की फिराक में थे।
गोलूवाला में 50 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त
हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला पुलिस और सीआईडी जोन की संयुक्त टीम ने अयालकी गांव के पास नहर किनारे दो संदिग्ध वाहनों की घेराबंदी की। पुलिस ने यहां से 9.821 किलोग्राम हेरोइन और 1.85 लाख रुपये की नकदी बरामद की।
मौके से हांसलिया निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्यों हसन अली, उसकी पत्नी रवीना व मां गुलजारा के साथ जालंधर निवासी बलविंदर सिंह को पकड़ा। वहीं, रावला मंडी थाना क्षेत्र के 365 हैड इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने नाकेबंदी के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचकर उनके पास से चार किलोग्राम हेरोइन जब्त की, जिसकी कीमत 20 करोड़ रुपये है।
ये भी पढ़ें- राजस्थान: प्रदेश में सूखे पर गहलोत का सरकार पर हमला: बोले- भगवान रूठ जाए तो जाए, सरकार को नहीं रूठना चाहिए
पांच दिन पहले मिला था आरडीएक्स का जखीरा
सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। इससे पांच दिन पहले 13 अक्तूबर को भी रावला क्षेत्र में ड्रोन से गिराए गए तीन पैकेट उठाने पहुंचे पंजाब के दो युवकों को सीमा सुरक्षा बल और एएनटीएफ ने दबोच लिया था। आरोपियों के कब्जे से 7.75 किलोग्राम आरडीएक्स, 867 कारतूस, दो विदेशी पिस्टल, चार मैगजीन, पांच बैटरी, एक रिमोट और दो कैपलर बरामद किए गए। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी हैं।