राजस्थान के टोंक जिले के सदर थाना इलाके में बाइक से गिरने के कारण एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक बाइक सवार से लिफ्ट लेकर टोंक आ रहा था। स्थानीय लोगों ने युवक को सआदत अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। रात होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया था। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार श्योपुरी निवासी रामधन (30) पुत्र हजारी लाल गुर्जर बुधवार देर शाम एक व्यक्ति मौजीराम के साथ बाइक पर बैठकर मंदिर से टोंक की ओर आ रहा था। इस दौरान पुरानी बनास पुलिया के पास बाइक स्लिप हो गई। हादसे में बाइक चला रहे मौजीराम को तो कोई चोट नहीं आई, लेकिन रामधन के सड़क किनारे पड़े पत्थर से गंभीर चोट लग गई।
आसपास मौजूद लोगों ने उसे सआदत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक रामधन साधारण परिवार से था और खेती का काम करता था। उसके 3 बेटे और 1 बेटी है।