कई दिनों से धार्मिक यात्रा के नाम पर पुलिस से आंख-मिचौली कर रहे राजस्थान के पूर्व मंत्री नागर मध्यप्रदेश में छिपे हैं।
सूत्रों के मुताबिक महिला से दुष्कर्म के मामले में फंसे बाबू लाल नागर शिरड़ी के नाम पर झूठ बोल कर मध्यप्रदेश में कहीं छिपे हैं। वहीं नागर का मेडिकल परीक्षण शनिवार को होगा।
नागर के पुत्र रवि नागर ने सीआईडी-सीबी को बृहस्पतिवार को इस संबंध में एक पत्र सौंपा।
यह पत्र सीआईडी-सीबी के उस नोटिस के जवाब में था, जिसमें नागर को 28 सितंबर तक पेश होने के लिए कहा गया था।
मेडिकल जांच से बचने के लिए कुछ दिनों से नागर सीआईडी-सीबी से आंख मिचौली का खेल रहे हैं। उनके पुत्र ने ही जांच एजेंसी को पत्र लिखकर उनके धार्मिक यात्रा पर होने की जानकारी दी थी।
चर्चा है कि नागर शिरडी में नहीं, मध्य प्रदेश में हैं। एजेंसी ने नागर के परिजनों से करीब दो घंटे पूछताछ की। उधर, सीबीआई प्रवक्ता धारिणी मिश्रा ने बताया कि नागर पर दुष्कर्म के मामले की जांच के लिए अभी तक सीबीआई को कोई पत्र नहीं मिला है।