यौन उत्पीड़न के आरोप में जोधपुर जेल में बंद आसाराम से मिलने पहुंचे उनके पुत्र नारायण सांई ने दावा किया है कि अगले कुछ दिनों में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनके पिता के खिलाफ षड्यंत्र रचने वालों के नाम वे अभी नहीं बता सकते। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में जो भी कहना होगा, न्यायालय में कहेंगे।
जोधपुर पहुंचे नारायण सांई ने आसाराम से करीब एक घंटे तक मुलाकात की। सांई ने बृहस्पतिवार को इस प्रकरण में पहली बार खुलकर बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पिता के खिलाफ रचा गया षड्यंत्र खुलेगा और पर्दे के पीछे से इसे संचालित करने वाले बेनकाब हो जाएंगे। आसाराम में बहुत धैर्य है, इसका मतलब यह नहीं कि उन्हें जेल में रख इसकी परीक्षा ली जाए।
आसाराम के देश विदेश में करोड़ों समर्थक और अनुयायी है। खेद का विषय है कि करोड़ों लोगों को व्यसनों से मुक्ति दिलाने वाले आसाराम पर अफीम के सेवन करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
नारायण ने कहा कि आसाराम के भक्त पूर्णिमा का व्रत रखते हैं और उनके दर्शन करके भोजन ग्रहण करते हैं। ऐसे में इनकी बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए उनके दर्शन की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि उनके अनुयायियों को परेशानी ना हो। उनसे यह अधिकार ना छीना जाए।
सांई ने कहा कि यह आरोप गलत है कि उन्होंने 25 दिनों तक पिता की सुध नहीं ली। उन्होंने कहा कि हमारा दिल व मन मिला हुआ है। ऐसे में किसी माध्यम की आवश्यकता नहीं है।
नारायण सांई ने उनके अनुयायियों की ओर से मीडिया को हुई तकलीफ पर माफी मांगी तथा मीडिया ट्रायल बंद करने को कहा।