सार
दिवाली पर शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिर्ची मंडी के कोल्ड स्टोरेज से 5,850 किलोग्राम खाद्य सामग्री सीज की। विभिन्न मिष्ठान भंडारों से मिठाइयों और मावे के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
दिवाली के अवसर पर आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के मकसद से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिर्ची मंडी स्थित एक कोल्ड स्टोरेज पर छापा मारकर कुल 5,850 किलोग्राम खाद्य सामग्री सीज की है। इसके अतिरिक्त विभाग की टीमों ने विभिन्न मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण करके मिठाइयों और मावे के नमूने भी जांच के लिए भेजे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मिर्ची मंडी स्थित कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण करके वहां रखी विभिन्न खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए गए। जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित खाद्य सामग्री को सीज कर दिया गया है। इस कार्रवाई के दौरान कोल्ड स्टोरेज से लगभग 2,000 किलोग्राम काजू, 1,050 किलोग्राम अजवाइन, 600 किलोग्राम सौंफ, 700 किलोग्राम मुनका और 1,500 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर सीज किया गया। इस दौरान डॉ. दिलराज मीणा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, नीरज मीणा और कुलदीप चौधरी मौजूद रहे।
पढ़ें: अरावली पहाड़ियों में आग ने लिया विकराल रूप, सूखी झाड़ियों से उठीं लपटों ने कई किलोमीटर तक मचाई तबाही
मिष्ठान भंडारों से नमूनों का संग्रहण
खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने कोटड़ी स्थित चारभुजा मिष्ठान भंडार से फीका मावा और रसगुल्ले के नमूने लिए। बजरंग मिष्ठान भंडार से बीकाजी केसरबाटी तथा जोधपुर मिष्ठान भंडार से बर्फी और रसगुल्ले के नमूने संगृहीत किए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला अजमेर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस टीम में ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार शर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर और विजय मेहता मौजूद रहे।
गुणवत्ता जांच और सतर्कता की अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की कि दिवाली पर खाद्य सामग्री तथा मिठाइयां खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें। पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि की जांच अवश्य करें।