राजस्थान में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) ने राजस्थान कॉलेज शिक्षा सोसायटी (Raj-CES) के तहत टीचिंग एसोसिएट भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के जरिए राज्यभर में कुल 3540 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 मई 2026 से शुरू होंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 3 जून 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी एसएसओ (SSO) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह भर्ती हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान सहित कुल 32 विषयों के लिए निकाली गई है। ऐसे में विभिन्न विषयों के अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान ये दस्तावेज जरूरी
उम्मीदवारों को आवेदन करते समय शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन शुल्क श्रेणीवार तय किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
शुरुआत में 5 साल का कार्यकाल
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार टीचिंग एसोसिएट की नियुक्ति प्रारंभिक रूप से 5 साल के लिए की जाएगी। इसके बाद कार्य प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 3 साल तक कार्यकाल बढ़ाया जा सकेगा। यह भर्ती राज्य में उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। साथ ही युवाओं के लिए सरकारी क्षेत्र में रोजगार का बड़ा अवसर भी लेकर आई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।