राजस्थान में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। उदयपुर में एक किसान को 3.71 करोड़ रुपये का बिजली बिल भेजा गया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने मंगलवार को कहा कि 'मेरे पास गिंगला से एक किसान पेमाराम ने बिल भेजा है। उस किसान को 3,71,61,507 का बिल आया है। राजस्थान में हजारों लोगों के बिल लाखों रुपये से अधिक के आए हैं।'
वहीं, इस मामले में विद्युत विभाग के चीफ इंजीनियर एनएल सलवी ने बताया कि 'इस मामले की जानकारी जैसे ही सहायक अभियंता को हुई उन्होंने तुरंत इसमें सुधार कर दिया। किसान को 6,400 रुपये का वास्तविक बिल दे दिया गया है। सलवी ने बताया कि कंप्यूटर में सर्वर डाउन होने से डबल फीडिंग होने या लिपिकीय गणना की वजह से गलती हुई थी।