सचिन पायलट-अशोक गहलोत में सीएम पद की जंग
राजस्थान में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में आज सीएम पद के उम्मीदवार पर माथापच्ची हुई। खबरों के मुताबिक बैठक में दो तिहाई विधायकों ने सचिन पायलट के पक्ष में मुहर लगाई। बैठक में सचिन-सचिन के नारे भी लगे। अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच सीएम पद को लेकर रस्साकशी की खबरें मंगलवार 11 दिसंबर से ही हैं।
खबर है कि बैठक के बाद सीएम पद पर फैसला अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ दिया गया है। इसी के साथ अब सभी की निगाहें राहुल गांधी की ओर है कि वह किसके नाम पर मुहर लगाते हैं। 11 दिसंबर में आए नतीजों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है और वह सरकार बनाने की तैयारी में है।
सीएम पद के दो दावेदार पूर्व सीएम अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट हैं। इसे लेकर दोनों के बीच खींचतान की भी खबर है। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ नेता सचिन पायलट की मान-मनौव्वल में भी जुटे। बहरहाल, अब गेंद राहुल के पाले में है कि वह किसे सीएम बनाने का फैसला लेते हैं।
खबरों के मुताबिक मुख्यमंत्री पद के लिए पायलट और गहलोत में जद्दोजहद चल रही है। मीडिया में खबर आई थी कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल सचिन पायलट को मनाने जाएंगे। हालांकि जयपुर में मंगलवार को गहलोत और पायलट के साथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी की बैठक हुई।