इस बीच, राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कांग्रेस के बागी विधायकों भंवरलाल शर्मा और विश्वेंद्र सिंह को नोटिस भेजा है, जिसमें दोनों को तीन दिन के भीतर जांच के लिए उपस्थित होने को कहा गया है।
पायलट जो कर रहे, उसे मेरी रिहाई से जोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण : उमर
राजस्थान के सियासी विवाद में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी उतर पडे़ हैं। उन्होंने ट्वीट किया, सचिन पायलट जो भी कर रहे हैं, उसे मेरे या मेरे पिता की रिहाई से जोड़ा जा रहा है, जो झूठा और दुर्भावनापूर्ण है। उन्होंने लिखा, बहुत हुआ, झूठे आरोप से तंग आ गया हूं।
अब्दुल्ला ने यह ट्वीट छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उस इंटरव्यू के बाद किया, जिसमें उन्होंने पायलट की बगावत को अब्दुल्ला की रिहाई से जोड़ा था। अब्दुल्ला ने बघेल को टैग करते हुए लिखा, मेरे वकीलों का सामना करने के लिए तैयार रहिए। गौरतलब है कि पायलट की शादी उमर अब्दुल्ला की बहन सारा के साथ हुई है।
कटारिया ने डीजीपी से की एफआईआर की मांग
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने डीजीपी भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला और मुख्य सचेतक महेश जोशी समेत अन्य कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर की मांग की है।
दरअसल, विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले में जारी ऑडियो क्लिप को फर्जी बताते हुए भाजपा नेता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने शिकायत दी थी। इसी आधार पर कटारिया ने एफआईआर की मांग की है। उन्होंने कहा, कांग्रेस नेताओं ने निजता का उल्लंघन किया जो अपराध है।
एसओजी के नोटिस पर केंद्रीय मंत्री शेखावत बोले पहले ऑडियो टैप की जांच कराएं और स्रोत बताएं
राजस्थान में विधायकों की खरीद-फरोख्त से जुड़े ऑडियो टैप मामले में राज्य पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को नोटिस भेजा है। इस पर शेखावत ने कहा, एसओजी ने मेरे निजी सचिव के जरिये नोटिस भेजा है।
उन्होंने मुझे बयान और आवाज का नमूना रिकॉर्ड करने को कहा है। एसओजी को पहले ऑडियो टैप की प्रमाणिकता की जांच करनी चाहिए। किसने इसे रिकॉर्ड किया और एसओजी ने इसे कहां से हासिल किया। इसके स्रोत के बारे में बताएं। मेरे दरवाजे किसी भी जांच के लिए हमेशा खुले हैं।
राजस्थान के राजनीतिक संकट पर शिवसेना ने कहा है कि फोन टैप करना निजी स्वतंत्रता पर हमला है और धन के बल पर चुनी हुई सरकार गिराना संविधान के साथ छल करने जैसा है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में लिखा कि दोनों में से कौन सा बड़ा अपराध है। शिवसेना ने दावा किया कि राजस्थान फोन टैपिंग मामले से कई चेहरे बेनकाब हो चुके हैं।
पार्टी ने कहा, अगर कोई कांग्रेस के नेताओं की बातचीत को चुपके से सुनकर उसे राहुल गांधी के कानों तक पहुंचा देता है तो कई और खुलासे होंगे। कुछ लोगों ने राहुल को काम नहीं करने देने का बीड़ा उठा रखा है। शिवसेना ने आगे कहा कि यह फैसला किया गया था कि पैसे देकर राजस्थान सरकार को गिराया जाएगा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खुलासा किया कि सचिन पायलट का अन्याय के खिलाफ विद्रोह झूठ है। पायलट और भाजपा नेताओं के बीच फोन पर बातचीत से यह बात सामने आई। यह हैरान करने वाला और सनसनीखेज है। शिवसेना ने कहा कि गहलोत सरकार को गिराने के लिए केंद्र ने दबाव और धन की ताकत इस्तेमाल की और कांग्रेस ने ऐसा नहीं होने दिया।
भाजपा में नहीं जाएंगे, लड़ाई कांग्रेस बचाने की: भाकर
हम भाजपा में शामिल नहीं होंगे। हमारी लड़ाई राजस्थान सरकार में नेतृत्व में बदलाव लाकर कांग्रेस को बचाने की है। हम किसी भाजपा शासित प्रदेश में नहीं हैं, बल्कि दिल्ली में हैं।
-मुकेश भाकर, विधायक, नागौर