फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान में अपराध: जयपुर में कारोबारी भाइयों से 3.75 करोड़ रुपये के पन्ने ठगे, पहले भरोसा जीता…फिर दिया धोखा

Fri, 20 Nov 2026 06:11 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
जयपुर में पन्ने ठगने की बड़ी वारदात (सांकेतिक) - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

जयपुर राजधानी में दो कारोबारी भाइयों से 3.75 करोड़ रुपये मूल्य के पन्ने ठगने की बड़ी वारदात सामने आई है। शातिर आरोपी ने पहले डेढ़ साल तक व्यापारिक विश्वास जीता और फिर विदेश में बड़े ग्राहकों को पन्ने बेचकर भारी मुनाफा दिलाने का लालच दिया। ठगी का शिकार हुए भाइयों की शिकायत पर पुलिस ने माणकचौक थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन


पीड़ित कारोबारी साजिद अहमद (48 वर्ष) और उनके भाई मोहम्मद जाकिर (44 वर्ष) रामगंज स्थित मेहरों का रास्ता के निवासी हैं। दोनों भाइयों का चांदी की टकसाल क्षेत्र में पन्ने की फिनिशिंग का कारखाना है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार करीब दो वर्ष पहले उनकी मुलाकात आरोपी मोहम्मद यासिन से हुई थी। जोधपुर का मूल निवासी मोहम्मद यासिन उस समय जयपुर के घाटगेट क्षेत्र में रहकर मेडिकल की पढ़ाई करने का दावा करता था। आरोपी के पढ़े-लिखे होने के कारण कारोबारी भाइयों की उससे अच्छी दोस्ती हो गई। इसके बाद आरोपी का कारखाने पर लगातार आना-जाना शुरू हो गया।

विदेश में मुनाफा कमाने का झांसा

आरोपी मोहम्मद यासिन लगातार डेढ़ वर्ष तक कारोबारी भाइयों का भरोसा जीतता रहा। अप्रैल, 2026 में आरोपी ने उन्हें अपनी बातों में उलझाया। उसने दावा किया कि बैंकॉक और लंदन जैसे विदेशी शहरों में बड़े खरीदारों से उसकी सीधी पहचान है। आरोपी ने पन्ने को विदेशी बाजार में बेचने पर बहुत मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। उसकी बातों में आकर कारोबारियों ने 1,460 कैरेट तैयार पन्ना बेचने का सौदा तय कर लिया।

यह सौदा 26 हजार रुपये प्रति कैरेट की दर से तय हुआ था। आरोपी ने विश्वास हासिल करते हुए कारोबारियों से कुल 3 करोड़ 74 लाख 40 हजार रुपये कीमत का पन्ना हासिल कर लिया। माल प्राप्त करने के बदले में आरोपी ने कारोबारियों को एक लिखित पर्ची थमा दी और जल्द भुगतान करने का आश्वासन दिया।

भुगतान में टालमटोल और आरोपी गायब

पन्ने हासिल करने के बाद अप्रैल से सितंबर, 2026 तक आरोपी भुगतान के नाम पर बहाने बनाता रहा। वह लगातार यही कहता रहा कि विदेश में माल भेजने के कारण वहां से रकम आने में थोड़ा समय लग रहा है। सितंबर, 2026 में जब आरोपी कई दिनों तक कारखाने नहीं पहुंचा तो कारोबारियों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया।

विज्ञापन


कारोबारियों ने पाया कि आरोपी का मोबाइल फोन बंद आ रहा है और वह अचानक गायब हो गया है। संदेह होने पर दोनों भाई उसके जयपुर और जोधपुर स्थित पतों पर पहुंचे। वहां आरोपी के परिजनों से मिलने पर पता चला कि वह पिछले दो वर्ष से अपने परिवार से मिलने भी नहीं आया है।

पुलिस में मामला दर्ज

खुद के साथ 3.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का अहसास होने के बाद पीड़ित कारोबारियों ने माणकचौक थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस स्टेशन के हेड कांस्टेबल अशोक कुमार ने बताया कि साजिद अहमद और मोहम्मद जाकिर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें