राजस्थान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने जयपुर में सर्किट हाउस में गुरुवार को मीडिया से रूबरू होकर कहा राजस्थान में कांग्रेस नेताओं के विवाद को हम कंट्रोल करेंगे। 26 तारीख को नई दिल्ली में 4 राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक बुलाई गई है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि राजस्थान के अलावा तेलंगाना, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य के विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में 26 मई को तैयारी बैठक बुलाई गई है। इन सभी राज्यों के प्रभारी, अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता बैठक में मौजूद रहेंगे।
रंधावा ने दावा करते हुए कहा कि राजस्थान के कांग्रेस के नेताओं में चल रहे आपसी विवाद को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम इसको कंट्रोल करेंगे और आने वाले समय में विधानसभा का चुनाव सभी नेता एक साथ मिलकर लड़ेंगे।
बैठक में शामिल होने सचिन पायलट जाएंगे, क्या इसमें कोई शक है?
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा- दिल्ली में 26 मई को होने वाली अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए सचिन पायलट जाएंगे। क्या इसमें कोई शक है ? गहलोत- पायलट के बीच चल रहे विवाद के मुद्दे पर रंधावा ने कहा कि जिस राजनीतिक पार्टी में कुछ होता है, उसी में तो लड़ाई होती है। जिस पार्टी में कुछ हो ही नहीं, तो वहां क्या हो सकता है।
अल्टीमेटम मुझे या कांग्रेस पार्टी को नहीं सीएम को दिया, वही जवाब देंगे
रंधावा ने कहा सचिन पायलट ने कांग्रेस पार्टी को अल्टीमेटम नहीं दिया है और ना ही मुझे मिला है, मुझे मिलेगा तो उस पर मैं जवाब दूं । उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का मामला है और वह इसका जवाब देंगे।
4 राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक
प्रभारी रंधावा ने बताया कि दिल्ली में AICC मुख्यालय पर राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना इन 4 राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक है। बैठक के बाद सभी भ्रांतियां और गलतफहमियां दूर हो जाएंगी। उन्होंने कहा-कोशिश रहेगी कांग्रेस के नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ें और सरकार वापस रिपीट हो।