राजस्थान में कांग्रेस पार्टी संगठन में लम्बे समय से पेंडिंग चल रहीं नेताओं-कार्यकर्ताओं की नियुक्तियों का दौर नए साल के शुरुआती सप्ताह में शुरू हो गया है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा के हाल ही में राजस्थान दौरे और तीन दिन तक फीडबैक के बाद जल्द ही ब्लॉक कांग्रेस, जिला कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों की बात कही गई थी। जिस पर इम्प्लीमेंटेशन करते हुए बुधवार को 100 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त कर दिए गए हैं। ख़ास बात यह है कि सीएम अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट दोनों खेमों के पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं को नियुक्तियां देकर एडजस्ट किया गया है। चुनावी साल में सियासी बैलेंस बनाने की कोशिश की गई है।
24 जिलों में 100 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कुल 24 जिलों- अलवर, बांसवाड़ा, बारां, बाड़मेर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, गंगानगर, जयपुर, जैसलमेर, जालोर, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटा, नागौर, सवाईमाधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर जिलों में 100 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्तियां की हैं। इन नियुक्तियों को तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
अलवर जिले में 6 BCC अध्यक्ष नियुक्त
अलवर के मालाखेड़ा में सावित्री मीणा, उमरैण में जफरूद्दीन, बानसूर में भीमसिंह गुर्जर, नारायणपुर में राजेंद्र प्रसाद सौर, गोविंदगढ़ बड़ौदा मेव में रामहेत जाटव, रामगढ़ में अनूप को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है।
बांसवाड़ा में 4 BCC अध्यक्ष लगाए
बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी में रविंद्र नाथ परागी, बागीदौरा में ललित कुमार पाटीदार, बांसवाड़ा में नाहर सिंह, छोटी सरवन में अंकित निनामा को बीसीसी अध्यक्ष लगाया गया है।
बारां में 6 BCC अध्यक्ष
बारां जिले के अंता में ओम प्रकाश सुमन, मांगरोल में राम स्वरूप बैरवा, अटरू में भरतेंद्र सिंह, बारां में सिद्धार्थ नागर, किशनगंज में अजीज नाजा, शाहबाद में धर्मेंद्र यादव की नियुक्ति बीसीसी अध्यक्ष के तौर पर की गई है।
बाड़मेर में 6 BCC अध्यक्ष नियुक्त
बाड़मेर सिटी में करना राम मेघवाल, बाड़मेर रूरल में देवराज चौधरी, बायतू में रघुराम सारण, परेऊ में हेमंत भाटिया, धोरीमन्ना में प्रियंका कुलदीप, गुढ़ामलानी में दिनेश कुमार को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।