राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक भाई ने ही अपनी बहन को मौत के घाट उतार दिया। दरअसल, पीलीबंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ोपल गांव में एक 25 वर्षीय महिला की उसके भाई द्वारा कथित तौर पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई।
किसी बात को लेकर भाई-बहन के बीच हुई थी कहासुनी
पुलिस द्वारा आरोपी की पहचान गगन सिंह के तौर पर की गई है। वहीं, 25 वर्षीय मृतिका का नाम इंद्रा बताया गया है। रविवार की रात इंद्रा और उसके भाई गगन सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद गुस्से में आकर गगन ने बहन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शादीशुदा थी मृतिका
पुलिस ने जानकारी दी है कि मृतिका शादीशुदा थी और कुछ दिन पहले ही मायके आई हुई थी। बताया जा रहा है कि गगन अपनी बहन के चरित्र पर शक करता था और अक्सर इस बात को लेकर दोनों के बीच वाद-विवाद होते थे। ऐसे में रविवार रात करीब नौ बजे भी भी दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि उसने इंद्रा के गले पर कुल्हाड़ी से वार कर डाला। इससे इंदिरा की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी भाई मौके से भाग गया।
फरार है आरोपी, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस का कहना है कि शव को सोमवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया। महिला के पिता मंगा सिंह ने अपने बेटे के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है। आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से फरार है, उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि जिस कुल्हाड़ी से वार किया गया, उसे जब्त कर लिया गया है। साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।