भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने जोधपुर हिंसा को लेकर भाजपा पर लगाए गए आरोप पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान शासन काल में एक समुदाय विशेष के प्रति राज्य सरकार की नरमी का नतीजा जोधपुर में हुई हिंसा है।
करौली, टोंक आदि बन चुके हैं संवेदनशली क्षेत्र
राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। राज्य सरकार एक समुदाय विशेष के प्रति नरमाई दिखाते हुए लोगों को इस प्रकार के कृत्य करने की आजादी दी जाएगी तो बहुसंख्यक समाज के ऊपर हमले होना स्वभाविक है। इस दौरान करौली, टोंक मालपुरा, प्रतापगढ़ आदि क्षेत्र संवेदनशील क्षेत्र बन चुके हैं।
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें लोग नाली के पानी को पीने के लिए बढ़ते हुए नजर आ रहे हैं। इसी वीडियो को रामलाल शर्मा ने शेयर कर गहलोत सरकार से इस्तीफे की मांग की है।
वायरल वीडियो पर मांगा इस्तीफा
उन्होंने कहा कि मेरे ख्याल से आजाद भारत के अंदर इस तरीके की तस्वीर हम सब को शर्मसार करने वाली है। राजस्थान की गहलोत सरकार हजारों करोड़ रुपए का बजट जल जीवन मिशन के अंतर्गत देने के बाद भी धरातल के ऊपर उन योजनाओं की क्रियान्वित नहीं कर रही है। आज लोग गंदे पानी को पीने के लिए मजबूर हैं। मुझे लगता है कि नैतिकता के आधार पर इस सरकार के मंत्रियों को और इस सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए कि आज राजस्थान के हालात क्या बन चुके हैं।