राजस्थान में मचे सियासी घमासान के बीच अब भारतीय जनता पार्टी भी अपने विधायकों की बाड़ेबंदी करने जा रही है। 14 अगस्त से राजस्थान विधानसभा का अहम सत्र शुरू होने जा रहा है। इससे पहले भाजपा अपने सभी विधायकों को टूटने से बचाने की कोशिश कर ही है।
जानकारी के मुताबिक उदयपुर संभाग के 12 विधायकों को गुजरात भेजा गया ह बताया जा रहा है कि ये विधायक खुद से घूमने के लिए गुजरात गए हैं और शनिवार को सोमनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। ये विधायक 12 अगस्त तक गुजरात में ही रहेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि कुछ और विधायकों को मध्यप्रदेश शिफ्ट किया जा सकता है।
सरकार को जनता की फिक्र नहीं: पूनिया
भाजपा के राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने शुक्रवार को कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार को जनता की कोई फिक्र नहीं है। पूनिया ने यहां संवाददाताओं से कहा कि ‘‘कांग्रेस सरकार की हकीकत जनता पहले ही जान चुकी है। जनता कोरोना वायरस संक्रमण से पीड़ित है, अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार बाड़े में बंद होकर संगीत का आनन्द ले रही है ... स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री व राज्य सरकार को प्रदेश की जनता की कोई फिक्र नहीं है।’’