राजस्थान के भाजपा सांसद बहादुर सिंह कोली ने टोल टैक्स मांगने पर टोल प्लाजा पर जमकर गुंडागर्दी दिखाई। उन्होंने टोल कर्मचारियों को धमकाते हुए एक कर्मचारी की पिटाई भी कर दी। टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद सांसद की यह करतूत सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो वह आरोपों से ही मुकर गए। उल्टे टोल कर्मचारियों पर ही आरोप लगाते हुए कहा कि टोल के गार्ड ने उनके ड्राइवर के साथ बदतमीजी की थी, इसलिए उसे समझाया था।
जानकारी के अनुसार मामला बीते 11 जुलाई का है। भरतपुर के सांसद बहादुर सिंह कोली आगरा बिकानेर हाइवे पर अपनी स्कार्पियो गाड़ी से जा रहे थे, रास्ते में लुढावई टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों ने उनकी गाड़ी को टोल टैक्स के लिए रोक लिया।
इस पर सांसद बिफर गए, वह गाड़ी से उतरे और एक सुरक्षा गार्ड को थप्पड़ मार दिया। हालांकि उनके साथ आए अन्य लोगों और टोल के दूसरे सुरक्षा गार्डों ने जैसे तैसे सांसद को रोका। सीसीटीवी की फुटेज के अनुसार सांसद काफी गुस्से में दिख रहे थे।
हालांकि जब उनसे इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि 11 जुलाई को मैं भरतपुर में अपने समथ्रक के घर से लौट रहा था तभी टोल पर हाथ में डंडे लिए दो गार्डों ने गाड़ी रोकने का प्रयास किया। जैसे ही ड्राइवर ने गाड़ी रोकी गार्डों ने हमारे ड्राइवर से बदतमीजी शुरू कर दी। इस पर मैने हस्तक्षेप कर मामले को शांत करा दिया। आपसी बातचीत से मामला सुलझ गया था इसलिए पुलिस में कोई शिकायत भी दर्ज नहीं हुई।