राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की आज होने वाली विधायक दल की बैठक को स्थगित कर दिया गया है। अब इस बैठक का आयोजन जन्माष्टमी के बाद किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने यह जानकारी दी। इस बैठक में भाजपा के सहयोगी दल लोकतांत्रिक पार्टी के तीन विधायक भी शामिल होने वाले थे।
राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि भाजपा के विधायक दल की बैठक आज शाम चार बजे जयपुर के होटल क्राउन प्लाजा में होने वाली थी, जिसे स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने सभी विधायकों से अनुरोध किया कि 13 अगस्त को सुबह 11 बजे जयपुर स्थित भाजपा कार्यालय में उपस्थित हों।
सतीश पूनिया ने कहा, हमने आज विधायक दल की बैठक बुलाई थी। लेकिन जैसा कि हमारे कुछ विधायक गुजरात में हैं और वह आज यहां नहीं पहुंच सकते हैं, साथ ही जन्माष्टमी का त्योहार भी है। ऐसे में सभी ने सुझाव दिया कि बैठक जन्माष्टमी के बाद आयोजिक होनी चाहिए। यह बैठक जयपुर में होने वाली थी।
बता दें कि पार्टी अपने 18 विधायकों को गुजरात पहुंचा चुकी है। इसके पीछे विधायकों की खरीद फरोख्त की आशंका बताई गई है। लेकिन राज्य इकाई के भीतर गुटबाजी को भी फैसले का एक कारण माना जा रहा है। कांग्रेस को समर्थन देने वाले 10 निर्दलीय विधायक भी 31 जुलाई से जैसलमेर में दो होटलों में रुके हुए हैं।