राजस्थान के भरतपुर के कामां कस्बे में बैंक में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। आरोपी चोरों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया, वो किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। शुक्रवार सुबह 11.30 बजे कोसी चौराहा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में दो युवकों ने पूरे स्टाफ के सामने छह लाख रुपये की चोरी की और शाम तक किसी को इसके बारे में भनक तक नहीं लगी।
इन दोनों आरोपियों ने पूरे स्टाफ और लोगों के सामने कैशियर के केबिन से छह लाख रुपये निकाल लिए और वहां से भाग निकले। जब शाम को हिसाब लगाने पर छह लाख रुपये कम निकले तो बैंक में हड़कंप मच गया। उस दिन की सीसीटीवी फुटेज देख बैंक कर्मचारियों को चोरी के बारे में पता चला।
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि काली शर्ट पहना एक युवक कैशियर के कैबिन से छह लाख रुपये निकाल रहा है और तब बैंक कर्मचारियों को इसके बारे में जानकारी मिली। शाखा प्रबंधक आरके सिंह ने तुरंत पुलिस में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। देर रात तक युवकों के बारे में कुछ पता नहीं चला।
शाखा प्रबंधक की मानें तो कैश काउंटर संख्या 6 का कर्मचारी संजय यादव किसी काम से बैंक में स्ट्रॉन्ग रूम में गया था। इस बीच आरोपियों ने काउंटर को सूना देखा और चोरी को अंजाम दिया। एक युवक ने वहां रखी दो-दो हजार के नोटों की तीन गड्डियां पॉलिथीन में डाली और वहां से भाग निकला।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि युवक का दूसरा साथी काउंटर के बाहर फोन पर बात करने का बहाना बनाते हुए निगरानी करते पाया गया।