राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस टिकटों का एलान जल्द कर सकती है। संभावना है कि 12-13 नवंबर को टिकटों का एलान हो सकता है। पहली सूची में कई मौजूदा विधायकों के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और निर्विवाद उम्मीदवारों को जगह मिलने की संभावना है। इस सूची में 100 उम्मीदवारों के नाम हो सकते हैं।
इस प्रक्रिया मे बची हुई सीटों के लिए भी पार्टी लगातार विचार विमर्श करती रहेगी। उम्मीद है कि कांग्रेस 16 नवंबर तक सभी 200 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर देगी। हालांकि कांग्रेस विवाद वाली सीटों पर उम्मीदवार की घोषणा देरी से कर सकती है। ऐसे में हो सकता है कि कांग्रेस कई सीटों पर बीजेपी के बाद अपने उम्मीदवारों की घोषणा करे।
टिकटों पर मंथन का दौर दिल्ली में शनिवार को भी जारी रहा और कांग्रेस कमेटी की बैठक होनी है। इस बैठक में सभी सीटों के उम्मीदवारों के पैनल की चर्चा होगी। पिछली बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कई सीटों पर फिर से विचार करने को कहा था। अब 12 नवंबर को सीईसी की मंजूरी के बाद पहली सूची में करीब 100 सीटों का एलान हो सकता है।