राजस्थान की चुनावी सरगर्मियों के बीच एक उद्योगपति चर्चा का विषय बना हुआ है। पिछले दो दशकों से अपने पैतृक इलाके में लड़कियों की शिक्षा के लिए काम कर रहे मुंबई में बसे वाहिद चौहान इस बार राजस्थान के सीकर विधानसभा के शेखावटी से चुनावी मैदान में हैं।
नई पार्टी के नए उम्मीदवार
चौहान को निर्दलीय विधायक हनुमान बेनीवाल की नई पार्टी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। चौहान का एक कॉलेज लड़कियों की शिक्षा के लिए काम कर रहा है। कॉलेज छात्रों को मुफ्त शिक्षा, यूनिफॉर्म और किताबें मुहैया करता है। यहां लड़कियों को आधुनिक विषयों के साथ-साथ मदरसे के भी विषय बताये जाते हैं। शायद यह पहला ऐसा संस्थान है जहां संस्कृत, उर्दू और अरबी भाषा एक-साथ सिखाई जाती है।
सभी धर्मों के लिए खुला है कॉलेज
चौहान के कॉलेज में हिंदू और मुस्लिम, दोनों छात्राओं के लिए खुला है। यहां मुस्लिम छात्राएं मदरसा पैटर्न का चयन कर सकती हैं। चौहान के मुताबिक जब उन्होंने यह कॉलेज शुरू किया था तब लोगों ने उनकी मंशा पर शक किया था। पहले सीकर में लड़कियों की शिक्षा दर बहुत काम थी मगर अब स्थिति उलट है और लड़कियां लड़कों से ज्यादा शिक्षित हैं।
चौहान का मुकाबला स्थानीय विधायक और भाजपा के उम्मीदवार रतन जलधारी और पिछला चुनाव हारे कांग्रेस के राजेंद्र पारिख से है।