जयपुर राजपरिवार की दीया कुमारी ने अपने पति नरेन्द्र सिंह से तलाक लेने का निर्णय लिया है। दोनों ने 21 साल पहले प्रेम विवाह किया था। राजकुमारी दीया कुमारी और उनके पति नरेन्द्र सिंह की ओर से रविवार को जारी संयुक्त बयान में कहा गया है हमारे लिए यह बहुत निजी मामला है, इसलिए इस बारे में सिवाय इसके कि हम लोगों ने आपसी रजामंदी से अलग होने का निर्णय लिया है, और कुछ नहीं बताना चाहते हैं। दीया कुमारी ने हाल ही में महानगर की फैमिली कोर्ट में तलाक का प्रार्थना पत्र दायर किया है।
दीया कुमारी जयपुर के पूर्व महाराज सवाई भवानी सिंह व पद्मिनी देवी की इकलौती संतान हैं। उन्होंने विवादों के बीच 1997 में नरेन्द्र सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था। राजकुमारी दीया कुमारी और नरेन्द्र सिंह के एक ही गोत्र के होने के बावजूद प्रेम विवाह करने से अन्य राजपरिवार और राजपूत समाज में नाराजगी थी।
दीया कुमारी ने 2013 में सियासत में कदम रखा और भाजपा की उम्मीदवार के रूप में सवाईमाधोपुर से विधानसभा चुनाव लड़ा और 2013 में वह विधायक बनीं। लेकिन इसबार उन्हें टिकट नहीं दिया गया है। बताया जाता है कि वसुंधरा से बिगड़ते रिश्तों के बीच उनका टिकट काटा गया। हालांकि, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने एक रैली में दीया कुमारी का जिक्र करते हुए कहा था कि पार्टी दीया कुमारी को ही टिकट देना चाहती थी और पार्टी के बड़े पदाधिकारीयों द्वारा उन्हें बार-बार फोन कर पूछा गया, लेकिन दीया कुमारी ने यह कहकर मना कर दिया की वो इस बार पार्टी में कार्यकर्ता की हैसियत से रहकर काम करना चाहती हैं।
(भाषा इनपुट)