फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करौली में पुजारी की हत्या, भाजपा ने पूछा- क्या यही है गहलोत का भयमुक्त राजस्थान

Fri, 09 Oct 2020 05:04 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
विज्ञापन
भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

राजस्थान के करौली में एक पुजारी की मौत को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की अशोक गहलोत सरकार पर सवाल उठाए हैं। भाजपा ने सवाल किया कि क्या यही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भयमुक्त राजस्थान है, जिसका उन्होंने वादा किया था। वहीं, भाजपा नेता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि राजस्थान में आज कोई सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां न महिलाएं सुरक्षित हैं और न ही बच्चे, यहां पुजारी भी सुरक्षित नहीं हैं। बता दें कि करौली में एक मंदिर के पुजारी को जिंदा जलाने की कोशिश की गई थी। बाद में इलाज के दौरान पुजारी की मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी कैलाश मीणा को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस मामले पर राजनीति शुरू हो गई है।

विज्ञापन


जयपुर ग्रामीण सीट से लोकसभा सांसद राठौर ने इस घटना के लिए अशोक गहलोत सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि महीनों तक पांच सितारा होटल में रहने वाली सरकार केवल खुद की सुरक्षा कर सकती है, जनता की नहीं। उन्होंने कहा कि एनसीबी के डाटा के अनुसार महिलाओं के खिलाफ के अपराध के मामले में राजस्थान पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा, 'मैं राहुल गांधी से अनुरोध करता हूं कि भाजपा शासित राज्यों में राजनीतिक पर्यटन करने की जगह राजस्थान पर ध्यान दें।'

विज्ञापन


इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस घटना की निंदा की। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, 'सपोटरा, करौली में बाबूलाल वैष्णव जी की हत्या अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है,सभ्य समाज में ऐसे कृत्य का कोई स्थान नहीं है। प्रदेश सरकार इस दुखद समय में शोकाकुल परिजनों के साथ है। घटना के प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कार्रवाई जारी है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।' बता दें कि फिलहाल पुलिस घटना के अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इस मामले में पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच मंदिर की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक पुजारी बाबूलाल वैष्णव का परिवार मंदिर की 15 बीघा जमीन पर खेती करता था। आरोपी कैलाश, शंकर और नमो मीणा ने इस जमीन पर कब्जा कर लिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी कैलाश मीणा निवासी बूकना थाना सपोटरा को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश पुलिस टीम बनाकर कर रही है। 

'क्या यही है सीएम गहलोत का भयमुक्त राजस्थान?'

उधर राजस्थान भाजपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से सवाल किया गया कि गहलोत के सुशासन और भयमुक्त राजस्थान के वादे का क्या हुआ। ट्वीट में लिखा गया, 'इतनी निर्ममता, क्रूरता और अमानवीयता राजस्थान में सिर्फ और सिर्फ गहलोत सरकार के कुशासन की ही देन है! पुजारी की दर्दनाक हत्या समाज को झकझोर देने वाली है। ईश्वर पुजारी जी की आत्मा को शांति दे। प्रशासन को इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दिलवानी चाहिए।'
 

राजनीतिक टूर करना बंद करें राहुल : जावड़ेकर

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि आज करौली में एक पुजारी को अपराधियों ने जिंदा जला दिया गया, जो मंदिर की जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। दुष्कर्म की घटनाएं पूरे राजस्थान से सामने आ रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राजनीतिक टूर पर जाने के स्थान पर ऐसे मामलों का संज्ञान लेना चाहिए। उन्हें या तो राजस्थान सरकार से इस्तीफा मांगना चाहिए या इसकी बेहतरी के प्रयास करने चाहिए। उन्हें अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

अपराधियों के मसीहा बन गए हैं गहलोत : पुनिया

इस घटना को लेकर राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी गहलोत सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर तरह के अपराधों की घटनाएं बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि सपोटरा में मंदिर के पुजारी को जिंदा जलाने की कोशिश बताती है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। उन्होंने सवाल किया कि 'प्रदेश की जनता भयभीत है, डरी हुई है, सहमी हुई है, आखिर गहलोत जी आप कब तक अपराधियों के मसीहा बनकर रहोगे?'
विज्ञापन

तेजी से बढ़ रहा है अपराध का ग्राफ: वसुंधरा राजे

वहीं, राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता वसुंधरा राजे ने भी करौली की घटना को लेकर राज्य की अशोक गहलोत सरकार पर सवाल उठाए हैं। वसुंधरा राजे ने एक ट्वीट में कहा, राजस्थान में अपराध का ग्राफ जिस गति से बढ़ रहा है, उससे एक बात तो स्पष्ट है कि यहां महिलाएं, बच्चे, बूढ़े, दलित, व्यापारी कोई भी सुरक्षित नहीं है। राज्य की कांग्रेस सरकार को अब अपनी गहरी नींद को त्यागते हुए दोषियों को सख्त सजा दिलाकर परिवार को तुरंत न्याय दिलाना चाहिए।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें