राजस्थान में पुलिस की खराब छबि आए दिन सामने आती रहती है, लेकिन इस बार बूंदी पुलिस का एक मानवीय पहलू भी देखने को मिला है।
बूंदी के तालेड़ा थाने में कार्यरत सफाई कर्मचारी रानी बाई के बेटे की शादी में थाना अधिकारी सहित अन्य स्टाफ ने मिलकर 15450 रुपये की राशि भेंट की। इसे लेकर रानी बाई ने तालेड़ा थाना अधिकारी दिग्विजय सिंह और एएसआई हरीश शर्मा सहित सभी कर्मचारियों का आभार जताया है। खुशी के इस मौके पर रानी बाई और उसके पति ने तालेड़ा थाने के समस्त स्टाफ को अपने बेटे की शादी में आने के लिए आमंत्रित भी किया।
दरअसल, तालेड़ा थाने में रानी बाई काफी समय से सफाई कर्मचारी के तौर पर काम कर रही है। उसका वेतन भी ज्यादा नहीं हैं। ऐसे में बेटे की शादी में सभी तरह की व्यवस्थाएं करना मुश्किल था। ऐसे में थाना स्टाफ ने रानी के बेटे की शादी के लिए 15450 की राशि जुटाई और रानी बाई को भेंट की।