अवैध हथियार के साथ नाबालिग को पुलिस ने किया निरुद्ध
- फोटो : अमर उजाला
चूरू जिले के सरदारशहर थाना पुलिस ने एक नाबालिग को बीकमसरा रोड से निरुद्ध कर उसके पास से एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 5 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। नाबालिग के पास मिली एक लाल रंग की पोटली में करीब ढाई लाख रुपए की नगदी और लाखों रुपए के गहने भी बरामद किए हैं।
डीएसपी अनिल कुमार माहेश्वरी ने बताया कि अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए शहर में फैलाए गए मुखबिर तंत्र के जरिए सूचना मिली कि बीकमसरा रोड पर एक संदिग्ध लड़का खड़ा है, जिसके पास कोई संदिग्ध वस्तु हो सकती है। जिस पर एएसआई हिम्मत सिंह तुरंत पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे तो एक लड़का सड़क किनारे लाल रंग की पोटली लिए हुए खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर पोटली को वहीं छोड़कर भागने और छुपाने का प्रयास करने लगा। जिस पर पुलिस ने चारों ओर से उसको घेरकर नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम पता बताया और अन्य कोई जानकारी पूछने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास एक अवैध पिस्तौल, दो मैगजीन और 5 जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने युवक के पास मिली लाल रंग की पोटली की तलाशी ली तो उसमें ढाई लाख रुपए नगदी और लाखों रुपए के सोने चांदी के जेवरात मिले। डीएसपी ने बताया कि नाबालिग या तो किसी चोरी की वारदात को अंजाम देकर आया है या फिर किसी लूट की वारदात को अंजाम दे कर आया है। नाबालिग से अब पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।