राजस्थान फतह के लिए कांग्रेस ने पूरी जान झोंक दी है। राजस्थान में पीएम, राहुल और सोनिया रैलियों का दौरा जारी है।
राजस्थान में अगले दो दिन कांग्रेस सरकार और पार्टी का प्रचार अपने चरम पर होगा। इस दौरान शिलान्यास, उद्घाटन और जन सभाओं का दौर चलेगा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शनिवार को और यूपीए अध्यक्षा सोनिया रविवार को राजस्थान दौरे पर रहेंगे।
अपने इस दौरे पर प्रधानमंत्री दो शिलान्यास और दो जनसभा करेंगे। तो वहीं सोनिया गांधी तीन शिलान्यास और दो जन सभाएं करेंगी।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शनिवार को जयपुर में मेट्रो ट्रेन की भूमिगत ट्रेक और अजमेर जिले स्थित किशनगढ़ हवाई अड्डे के विस्तार की परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री दोनों जगहों पर राजस्थान की जनता को संबोधित करेंगे। इधर, रविवार को सोनिया गांधी बाड़मेर स्थित पचपदरा रिफाइनरी का शिलान्यास करेंगी तथा जन सभा भी होगी।
इसी दिन वे भीलवाड़ा में रेलवे के मेमू कोच फैक्ट्री का शिलान्यास करेंगी तथा गुलाबपुरा में चंबल नदी पेयजल परियोजना का शिलान्यास और जनसभा करेंगी।